Fri. Mar 29th, 2024


मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह- India TV Hindi

Image Source : FILE PHOTO
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह

मध्य प्रदेश में कांग्रेस विधानसभा का चुनाव एकजुटता के साथ लड़ने की तैयारी कर रही है और जो कार्यकर्ता नाराज हैं, असंतुष्ट हैं उन्हें भी मनाने की कोशिश जारी है। जमीनी असंतोष और रूठे को मनाने की मुहिम की जिम्मेदारी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर है। वे विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और सीधे संवाद कर रहे हैं। इस दौरान दिग्विजय सिंह कई जगह न केवल भड़क रहे हैं बल्कि कार्यकर्ताओं से गुस्सा भी हो रहे हैं। खंडवा में तो उन्होंने यहां तक कह दिया कि जिसको बोलना है उसे बोलने दीजिए बाकी कांग्रेस जाए भाड़ में।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे दिग्विजय 

दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राज्य की 66 सीटों की कमान संभाली है, जहां कांग्रेस को लंबे अरसे से जीत हासिल नहीं हुई है। वे उन क्षेत्रों का लगातार दौरा कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं की बैठक कर उनकी बातें भी सुन रहे हैं। साथ ही यह हिदायत दे रहे हैं कि पार्टी जिसे भी उम्मीदवार बनाए उसका सभी लोग साथ दें ताकि इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बने।

जब दिग्विजय सिंह को आया गुस्सा…
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह खंडवा में कार्यकर्ताओं की बैठक में थे और विधानसभा स्तर के नेताओं को अपनी समस्याएं बताने और सुझाव रखने का मौका दिया जा रहा था। तभी वहां हंगामा शुरू हो गया, इस पर दिग्विजय सिंह ने कहा, “पहले तो आप लोग शांत रहिए, हम लोग सब को सुनेंगे जिससे जो बोलना है बोलिएगा, बाकी भाड़ में जाए कांग्रेस। खंडवा वालों, यह क्या तरीका है आपका, तभी कांग्रेस की ऐसी हालत बना रखी है।”

जब मंच से ही गुस्सा गए थे दिग्विजय 
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय पहली बार गुस्से में नहीं आए हैं। इससे पहले बुरहानपुर में भी ऐसा ही एक मामला आया था जब अल्पसंख्यक नेता को मंच से नीचे उतर जाने को उन्होंने कहा था। इस बैठक में तय व्यवस्था के अनुसार वर्तमान विधायक, पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष और महिला प्रमुख को मंच पर बैठना था। इसी दौरान ग्रामीण कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्ष और पार्षद अबरार भी मंच पर पहुंच गए। 

“आप यहां से चले जाइए, ऐसे लोगों की जरूरत नहीं”
इस पर दिग्विजय सिंह ने मंच से ही उनसे सवाल पूछा कि यह कौन हैं, क्या यह युवक कांग्रेस के हैं। इस पर अल्पसंख्यक नेता के बारे में बताया गया तो दिग्विजय सिंह ने कहा कि आप यहां न बैठें, मंच के सामने बैठ जाएं। इस पर अल्पसंख्यक नेता यह कहते हुए नीचे उतरे कि आपको अल्पसंख्यकों की जरूरत नहीं है, इस पर दिग्विजय सिंह काफी गुस्सा हुए और यहां तक कह दिया आप यहां से चले जाइए, ऐसे लोगों की जरूरत नहीं है।

(इनपुट- IANS)

ये भी पढ़ें-

10 लाख घंटों तक जुटे रहे यूपी के 900 कारीगर, तब जाकर तैयार हुए नई संसद भवन के कालीन 

अफगानिस्तान में आया 4.9 तीव्रता का भूकंप, जम्मू-कश्मीर तक महसूस हुए झटके
 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *